
ज्योतिष शास्त्र में माना गया है कि व्यक्ति का जन्म जिस दिन और महीने में हुआ है, उसका उनपर काफी प्रभाव होता है। माह के अनुसार ही उनका पूरा व्यक्तित्व निर्धारित होता है और उनके अंदर के गुण व दोष भी उसी हिसाब से होते हैं। स्वभाव ही नहीं बल्कि जिस माह में जातक पैदा होते हैं उसके अनुसार ही उनकी आर्थिक स्थिति, सफलता, और प्रेम व वैवाहिक जीवन आदि से संबंधित भविष्य तय होते हैं। अब तक हम अलग-अलग महीने में जन्में लोगों से जुड़ी विशेषताओं के बारे में बता चुके हैं। इस रिपोर्ट में हम दिसंबर में पैदा हुए लोगों के बारे में जानेंगे।
इस महीने में जन्मे अधिकतर लोगों की राशि धनु होती है। इस राशि का स्वामी देवगुरु बृहस्पति हैं। ऐसे जातकों की कुंडली में अगर लग्न भी धनु हो तो सूर्य और मंगल प्रबल कारक होते हैं, जिसके फलस्वरूप इन्हें काफी शक्तिशाली और उच्च पदासीन होने में सफलता मिलती है। वहीं, स्वभाव की बात करें तो इस राशि के लोग काफी आलसी माने जाते हैं। इसके साथ ही ये काफी साफ बोलने वाले होते हैं, और इनमें एक खास किस्म का आकर्षण भी होता है। ये लोग कानून और व्यवस्था में विश्वास रखते हैं। इसके अलावा ये धार्मिक स्थलों पर भी नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। आइए, विस्तार से इस महीने में जन्मे लोगों के बारे में जानें।
इस माह में जन्मे लोग व्यापार में उद्यमी होते हैं। इन्हें बंधकर काम करना पसंद नहीं आता है। समय के साथ ये अपनी रणनीति बदलते हैं और वक्त के साथ चलना इन्हें पसंद होता है। ये लोग राजनीतिज्ञ, धर्म प्रचारक के रूप में सफलता पाते हैं। वहीं, इनमें से कई कमाल के कलाकार और दार्शनिक भी होते हैं। हालांकि, कुछ ऐसे भी आलसी और अकड़ू होते हैं, जिन्हें जीवन में अगर एक बार कोई उपलब्धि हासिल हो जाए तो ताउम्र उसी से चिपके रहते हैं। उससे आगे बढ़ने का विचार फिर इनके जहन में नहीं आता। इस राशि के लोगों को दूसरों से काम करवाने की आदत है। इसलिए ज्यादातर लोग बिजनेस में ही चल पाते हैं।
ज्योतिषाचार्य की माने तो दिसंबर में जन्मदिन वाले लोगों के पास पैसा तो काफी होता है। लेकिन, ये पैसा काफी बर्बाद करते हैं। ये दोनों हाथों से अपने दोस्तों पर धन लुटाते हैं। हालांकि, इनकी कमाई के साथ-साथ इनके पास अनाप-शनाप पैसा भी बहुत होता है। पैसा भरपूर बर्बाद करने के बाद भी इनकी सेविंग का कोई जवाब नहीं। यही कारण है कि जीवन में चाहे रिश्तों की कितनी भी कमी पड़ जाए, लेकिन धन की कमी इन्हें कभी नहीं पड़ती है।
दिसंबर में जन्में लोग काफी भावुक होते हैं। प्यार की इसी भावुकता में बहकर ये लोग जल्दी से शादी कर लेते हैं। हालांकि, कई बार ये अपने इस फैसले पर पछताते भी नजर आते हैं। वहीं, परिवार से भी ये लोग भले ही बेपनाह प्यार करें, इसके बावजूद इन्हें परिवार से ही शिकायतें होती है। इस महीने में जन्में लोगों को अक्सर ये लगता है कि कोई इन्हें समझ नहीं सकता। जबकि, सच्चाई ये है कि इन्हें दुनिया के साथ तालमेल बिठाकर चलना नहीं आता।
संबंधित लेख
क्या आप भी जन्मे हैं नवंबर महीने में? तो जानिए अपना स्वभाव । क्या आप भी जन्मे हैं अक्टूबर महीने में? तो जानिए अपना स्वभाव । नवंबर में जन्मे लोगों का भाग्य रत्न होता है नीलम