Mercury Turns Direct in Aquarius 2026: जब बुध, जो बुद्धि, वाणी, व्यापार, तर्क और संचार का ग्रह है, 21 मार्च 2026 को कुंभ राशि में मार्गी होगा, तब रुकी हुई बातचीत, अटके हुए निर्णय और उलझे हुए कागज़ात फिर से गति पकड़ने लगेंगे। बुध को ज्योतिष में राजकुमार कहा गया है - तेज दिमाग, चतुर संवाद और सामाजिक कौशल का स्वामी।
बुध के मार्गी होते ही सोच में स्पष्टता, संवाद में सहजता और टेक्नोलॉजी, नेटवर्किंग व नए आइडिया से जुड़े कार्यों में सुधार दिखाई देगा। जो काम पिछले कुछ समय से अटके थे, उनमें धीरे-धीरे प्रगति शुरू होगी।
हालांकि यह समय सकारात्मक है, लेकिन जल्दबाजी में निर्णय लेना, गलतफहमी या ओवरथिंकिंग नुकसान कर सकती है। कुंभ राशि सामूहिक सोच, नवाचार और भविष्य की योजनाओं से जुड़ी है - इसलिए इस ऊर्जा का सही उपयोग दूरदर्शिता और संतुलन के साथ करना ही लाभकारी रहेगा।
बुध 21 मार्च 2026 को रात 12 बजकर 42 मिनट पर कुंभ राशि में मार्गी होगा। इसके बाद संचार, डिजिटल कार्य, अनुबंध, पढ़ाई और साझेदारी से जुड़े मामलों में स्पष्टता बढ़ेगी।
इस गोचर के दौरान खास असर विचार, मित्रता, सोशल नेटवर्क, टेक्नोलॉजी, योजनाओं और भविष्य से जुड़े फैसलों पर देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं, यह परिवर्तन आपकी राशि के लिए क्या संदेश लेकर आया है
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना मेष राशि के जातकों के लिए लाभ और नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला समय है। यह बुध गोचर आपकी कुंडली के 11वें भाव यानी “लाभ स्थान” को सक्रिय करता है, जिससे आय, नेटवर्क और सामाजिक प्रतिष्ठा में स्पष्ट बढ़ोतरी के संकेत मिलते हैं। पिछले समय में जो योजनाएँ ठहरी हुई थीं या जिनसे अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे थे, अब उनमें गति दिखाई देगी।
इस दौरान नए लोगों से मुलाकात, प्रभावशाली संपर्क और मजबूत नेटवर्किंग आपके लिए विशेष लाभकारी रहेगी। मित्रों, सहयोगियों और व्यावसायिक समूहों के साथ संबंध प्रगाढ़ होंगे। कोई पुराना संपर्क अचानक लाभ का माध्यम बन सकता है।
बुध संचार, तर्क और व्यापारिक समझ का ग्रह है। मार्गी होने के बाद आपकी वाणी में प्रभाव और प्रस्तुति में स्पष्टता आएगी। आप लोगों को अपनी बात समझाने, डील फाइनल करने और साझेदारी तय करने में सफल रहेंगे। कॉन्ट्रैक्ट, समझौते, क्लाइंट मीटिंग और टीम प्रोजेक्ट्स में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।
यदि आप बिज़नेस, मार्केटिंग, सेल्स, मीडिया या डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं, तो यह समय विशेष लाभ देने वाला है। आपकी सोच व्यावहारिक और दूरदर्शी रहेगी, जिससे आर्थिक लाभ के नए रास्ते खुलेंगे।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना मेष जातकों के लिए सामाजिक विस्तार, आर्थिक वृद्धि और प्रभावशाली पहचान का संकेत देता है।
उपाय: बुधवार के दिन “ॐ ब्रां ब्रीं ब्रौं सः बुधाय नमः” मंत्र का 108 बार जप करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना वृषभ राशि के जातकों के लिए करियर और प्रोफेशनल जीवन में तेज हलचल लेकर आता है। यह बुध गोचर आपकी कुंडली के 10वें भाव यानी “दशम भाव” को सक्रिय करता है, जो कार्यक्षेत्र, प्रतिष्ठा और पद से जुड़ा होता है। अचानक आपको महसूस होगा कि इस महीने ऑफिस में कुछ अलग हो रहा है- ज़िम्मेदारियाँ बढ़ेंगी और आपकी उपस्थिति नोटिस की जाएगी।
जो जातक अब तक शांत रहकर काम कर रहे थे या औसत प्रदर्शन कर रहे थे, वे भी अचानक मैनेजमेंट और टीम की नजरों में आ सकते हैं। आपके काम की चर्चा होगी और आपको महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स या मीटिंग्स में शामिल किया जा सकता है।
बुध के मार्गी होने से आपकी प्रस्तुति क्षमता और कम्युनिकेशन स्किल्स में निखार आएगा। बोर्ड मीटिंग, क्लाइंट प्रेजेंटेशन या ऑफिस डिस्कशन में आप अपनी बात प्रभावशाली तरीके से रख पाएंगे। थोड़ी मेहनत और थोड़ी समझदारी के साथ यह समय आपको आगे बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।
कुल मिलाकर, यह बुध गोचर करियर ग्रोथ, पहचान और प्रोफेशनल स्थिरता के लिए अनुकूल संकेत दे रहा है।
उपाय: बुधवार के दिन हरी चूड़ियों का दान करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना मिथुन राशि के जातकों के लिए 9वें भाव यानी “नवम भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव धर्म, भाग्य, उच्च शिक्षा, आध्यात्म और लंबी यात्राओं से जुड़ा होता है। इस महीने आपके भीतर वैचारिक स्पष्टता और सकारात्मक सोच का विस्तार देखने को मिलेगा।
आपकी वाणी में प्रभाव और प्रेरणा की शक्ति रहेगी। बातचीत हो या सार्वजनिक भाषण- आप लोगों को प्रभावित करने में सफल रहेंगे। ऑफिस प्रेजेंटेशन, सेमिनार या किसी मंच पर बोलने का अवसर मिले तो आप अपनी छाप छोड़ सकते हैं।
लेखन से जुड़े जातकों के लिए यह समय विशेष अनुकूल है। ईमेल, ब्लॉग, आर्टिकल या किसी भी प्रकार की लिखित अभिव्यक्ति में आपकी पकड़ मजबूत रहेगी और लोग आपकी बातों को गंभीरता से लेंगे।
लंबी दूरी की यात्राएँ लाभकारी साबित हो सकती हैं। यदि आप यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह समय नई यादें और अनुभव देने वाला है। साथ ही कई जातक सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ या आध्यात्मिक स्थलों की ओर आकर्षित होंगे और सेवा भाव से जुड़कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना आपके भाग्य, ज्ञान और सकारात्मक प्रभाव को बढ़ाने वाला है।
उपाय: बुधवार के दिन गाय को पालक खिलाएं।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना कर्क राशि के जातकों के लिए 8वें भाव यानी “अष्टम भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव रहस्यों, अचानक घटनाओं, परिवर्तन और छिपी हुई बातों से जुड़ा होता है। इसलिए यह महीना थोड़ा अनिश्चित और उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। कुछ ऐसी बातें सामने आ सकती हैं जो पहले पर्दे के पीछे थीं।
अष्टम भाव सक्रिय होने से आपकी रुचि गूढ़ विषयों की ओर बढ़ेगी। टैरो, बौद्ध दर्शन, रहस्यवाद, पिछले जन्मों या आध्यात्मिक शोध जैसे विषयों में गहरी दिलचस्पी विकसित हो सकती है। कई जातक रिसर्च या किसी विशेष अध्ययन में खुद को व्यस्त पाएंगे।
यदि आप कोर्ट केस या किसी कानूनी प्रक्रिया में उलझे हुए हैं, तो राहत के संकेत मिल सकते हैं। रुके हुए मामले धीरे-धीरे गति पकड़ सकते हैं और परिस्थितियाँ आपके पक्ष में बनने लगेंगी।
कुल मिलाकर, यह समय भीतर के परिवर्तन, छिपी सच्चाइयों के उजागर होने और मानसिक गहराई को बढ़ाने वाला रहेगा।
उपाय: बुधवार के दिन हरे वस्त्रों का दान करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना सिंह राशि के जातकों के लिए 7वें भाव यानी “सप्तम भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव विवाह, प्रेम, साझेदारी और वैवाहिक जीवन से जुड़ा होता है। मार्च 2026 का यह समय रिश्तों के लिहाज़ से बेहद सकारात्मक और संतुलन देने वाला साबित हो सकता है।
इस दौरान आपके और आपके जीवनसाथी के बीच संवाद खुला और स्पष्ट रहेगा। गलतफहमियाँ कम होंगी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होगा। आप दोनों के बीच समझदारी और सहयोग की भावना बढ़ेगी, जिससे रिश्ते में स्थिरता आएगी।
आपका पार्टनर आपकी भावनाओं और जरूरतों को बेहतर ढंग से समझेगा और हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा दिखाई देगा। यह समय आपसी विश्वास को और गहरा करने का है। यदि अविवाहित हैं, तो किसी विशेष व्यक्ति के साथ रिश्ता आगे बढ़ सकता है या नई शुरुआत के संकेत मिल सकते हैं।
सलाह यही है कि अपने व्यस्त समय से कुछ खास पल अपने साथी के लिए निकालें। उन्हें यह महसूस कराएं कि वे आपके जीवन में कितने महत्वपूर्ण हैं। छोटे-छोटे प्रयास आपके रिश्ते में नई ऊर्जा और रोमांच भर सकते हैं, जो लंबे समय तक साथ निभाने की नींव मजबूत करेगा।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना आपके संबंधों में मधुरता, समझदारी और स्थायित्व बढ़ाने वाला है।
उपाय: घर में बुद्ध यंत्र स्थापित करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना कन्या राशि के जातकों के लिए 6वें भाव यानी “षष्ठम भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव स्वास्थ्य, प्रतिस्पर्धा, संघर्ष, ऋण और विरोधियों से जुड़ा होता है। मार्च महीने में जीवन के यही पहलू विशेष रूप से उभरकर सामने आ सकते हैं।
स्वास्थ्य के लिहाज़ से स्थिति में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिलेंगे। यदि पहले से कोई परेशानी चल रही थी तो राहत महसूस हो सकती है, लेकिन किसी भी पुरानी या नई समस्या को हल्के में न लें। डॉक्टर की सलाह लेना समझदारी रहेगा। नियमित दिनचर्या और संतुलित आहार लाभकारी सिद्ध होंगे।
कार्यक्षेत्र या व्यक्तिगत जीवन में जो लोग अब तक आपके विरोध में थे या पीठ पीछे बातें कर रहे थे, उनके रवैये में बदलाव आ सकता है। परिस्थितियाँ आपके पक्ष में मुड़ती दिखेंगी और विरोध कमज़ोर पड़ सकता है। फिर भी सावधानी जरूरी है- किसी पर भी तुरंत और आंख मूंदकर विश्वास न करें। भरोसा बनाने में समय लें।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना संघर्षों को संभालने की समझ, स्वास्थ्य में सुधार और विरोधियों पर नियंत्रण देने वाला समय है।
उपाय: “गणेश संकट नाशन स्तोत्र” का नियमित पाठ करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना तुला राशि के जातकों के लिए 5वें भाव यानी “पंचम भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव संतान, रचनात्मकता, प्रेम और आनंद से जुड़ा होता है। मार्च महीने में घर-परिवार खासकर बच्चों से जुड़ी खुशियाँ और गतिविधियाँ बढ़ सकती हैं।
संतान से जुड़ी उपलब्धियाँ या उनकी प्रगति आपको गर्व का अनुभव करा सकती है। घर में बच्चों की चंचलता और मासूम गलतियाँ भी आपको सुकून देंगी। यह समय उनके साथ क्वालिटी टाइम बिताने का है। ऐसी गतिविधियों में शामिल हों जो आपके और बच्चों के बीच मजबूत संबंध बनाए और उनके सीखने-समझने की क्षमता को बढ़ाए।
पंचम भाव सक्रिय होने से प्रेम जीवन भी जीवंत और रोमांचक रहेगा। जो लोग रिलेशनशिप में हैं, उनके बीच आकर्षण और भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। डेट्स, सरप्राइज या छोटे-छोटे रोमांटिक प्रयास आपके रिश्ते में नई ताजगी ला सकते हैं। अविवाहित जातकों के लिए भी किसी खास व्यक्ति से मुलाकात के संकेत बन सकते हैं।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना खुशियों, प्रेम और रचनात्मक ऊर्जा को बढ़ाने वाला समय है।
उपाय: बुधवार के दिन भगवान गणेश को दूर्वा घास अर्पित करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना वृश्चिक राशि के जातकों के लिए 4वें भाव यानी “चतुर्थ भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव घर, संपत्ति, वाहन, माता और आंतरिक सुख-सुविधाओं से जुड़ा होता है। इस महीने आपका पूरा ध्यान घरेलू जीवन और पारिवारिक मामलों की ओर अधिक केंद्रित रहेगा।
कई जातक नए वाहन खरीदने या पुराने वाहन को अपग्रेड करने के बारे में गंभीरता से सोच सकते हैं। घर में नवीनीकरण, इंटीरियर बदलाव या किसी नई सुविधा को जोड़ने की योजना बन सकती है। कुछ लोग घर बदलने या नई संपत्ति खरीदने पर भी विचार कर सकते हैं। रियल एस्टेट से जुड़े निवेश के संकेत भी बन रहे हैं, बशर्ते निर्णय सोच-समझकर लिया जाए।
परिवार के साथ समय बिताने की इच्छा बढ़ेगी और घरेलू शांति आपके लिए प्राथमिकता रहेगी। खासतौर पर माता के स्वास्थ्य और भावनाओं का ध्यान रखना आवश्यक रहेगा। उनका सहयोग और आशीर्वाद इस समय आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना गृहस्थ जीवन को व्यवस्थित करने, संपत्ति संबंधी फैसलों और मानसिक संतुलन को मजबूत करने का समय है।
उपाय: बुधवार के दिन मूंग दाल का दान करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना धनु राशि के जातकों के लिए 3वें भाव यानी “तृतीय भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव संचार, साहस, पहल, लेखन और संवाद कौशल से जुड़ा होता है। इस गोचर के बाद आपकी बोलने की शैली और अभिव्यक्ति में खास निखार देखने को मिलेगा।
लोग आपकी बातों से प्रभावित होंगे और आपको एक प्रभावशाली वक्ता के रूप में पहचान मिल सकती है। आपकी नेगोशिएशन और मोलभाव की क्षमता मजबूत रहेगी, जिससे आप अपने प्रस्तावों और योजनाओं को आसानी से स्वीकार करवाने में सफल होंगे। संभव है कि कार्यस्थल पर आपको महत्वपूर्ण मीटिंग्स या डील क्लोज करने की जिम्मेदारी सौंपी जाए।
जो जातक पत्रकारिता, लेखन, ब्लॉगिंग, कंटेंट क्रिएशन या मीडिया से जुड़े हैं, उनके लिए यह समय विशेष अनुकूल है। आपकी लेखनी में प्रभाव और स्पष्टता होगी, जिससे आप अपने पाठकों या दर्शकों का दिल जीत सकेंगे।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना संवाद शक्ति, आत्मविश्वास और प्रोफेशनल सफलता को बढ़ाने वाला समय है।
उपाय: बुधवार के दिन सौंदर्य प्रसाधनों का दान करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना मकर राशि के जातकों के लिए 2वें भाव यानी “द्वितीय भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव धन, वाणी, बचत और परिवार (कुटुंब) से जुड़ा होता है। इस गोचर के बाद आपका ध्यान विशेष रूप से आर्थिक स्थिति और वित्तीय स्थिरता पर केंद्रित रहेगा।
यह समय अपनी आय, बचत और निवेश की समीक्षा करने का है। आप नई रणनीति बनाने के बारे में सोच सकते हैं कि आने वाले समय में अपनी संपत्ति और संसाधनों का बेहतर उपयोग कैसे किया जाए। बजट प्लानिंग, सेविंग्स और लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट पर गंभीरता से विचार करना लाभकारी रहेगा।
द्वितीय भाव सक्रिय होने से परिवार के साथ जुड़ाव भी बढ़ेगा। घर में समारोह, रिश्तेदारों का आना-जाना, पारिवारिक कार्यक्रम और मेल-मिलाप की स्थितियाँ बन सकती हैं। आप अपना अधिक समय कुटुंब और घरेलू जिम्मेदारियों में व्यतीत करेंगे।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना आर्थिक संतुलन, पारिवारिक सामंजस्य और वाणी में प्रभाव बढ़ाने वाला समय है।
उपाय: घर में बुध यंत्र स्थापित करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना कुंभ राशि के जातकों के लिए 1वें भाव यानी “लग्न भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव व्यक्तित्व, आत्म-छवि, आत्मविश्वास और जीवन की दिशा से जुड़ा होता है। इस महीने पूरा फोकस आप पर ही रहेगा- आपकी सोच, आपकी छवि और आपका व्यक्तित्व केंद्र में रहेगा।
आप इस बात को लेकर सजग रहेंगे कि आप कैसे दिखते हैं, क्या पहनते हैं, क्या खाते हैं और किन लोगों के साथ समय बिताते हैं। अपनी सेहत, फिटनेस और दिनचर्या को लेकर जागरूकता बढ़ेगी। दूसरों की नजर में आपकी छवि कैसी बन रही है, इस पर भी आपका ध्यान रहेगा।
लग्न भाव सक्रिय होने से आत्मविश्लेषण का समय आता है। आप खुद को नए नजरिए से देख सकते हैं और कुछ आदतों या व्यवहार में बदलाव लाने का निर्णय ले सकते हैं। यदि सही दिशा में प्रयास करें तो यह समय आपके लिए आंतरिक और बाहरी दोनों स्तर पर परिवर्तनकारी साबित हो सकता है।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना आत्म-विकास, आत्मविश्वास और व्यक्तिगत पहचान को मजबूत करने वाला समय है।
उपाय: बुधवार के दिन सौंफ का दान करें।
बुध का कुंभ राशि में मार्गी होना मीन राशि के जातकों के लिए 12वें भाव यानी “द्वादश भाव” को सक्रिय करता है। यह भाव विदेश, खर्च, आध्यात्मिकता, एकांत और अवचेतन मन से जुड़ा होता है। इस गोचर के बाद जीवन के इन क्षेत्रों में हलचल और प्रगति के संकेत मिल सकते हैं।
जो जातक लंबे समय से विदेश में बसने या ओवरसीज़ शिफ्ट होने की कोशिश कर रहे थे, उनके लिए सकारात्मक समाचार मिलने की संभावना है। कुछ लोगों को कंपनी के भीतर से ही इंटरनल जॉब पोस्टिंग के जरिए विदेशी अवसर मिल सकता है। छात्रों के लिए वीज़ा, डॉक्यूमेंटेशन या स्पॉन्सरशिप से जुड़े काम आसानी से आगे बढ़ सकते हैं।
द्वादश भाव आध्यात्मिक उन्नति से भी संबंधित है। यह समय ध्यान, साधना और आत्मचिंतन के लिए अनुकूल रहेगा। आप भीतर की शांति और ईश्वरीय जुड़ाव को गहराई से महसूस कर सकते हैं। यदि आप मेडिटेशन या किसी आध्यात्मिक अभ्यास की शुरुआत करना चाहते हैं, तो यह समय विशेष फलदायी साबित हो सकता है।
कुल मिलाकर, बुध का यह मार्गी होना विदेश संबंधी अवसरों, आध्यात्मिक प्रगति और मानसिक स्पष्टता को बढ़ाने वाला है।
उपाय: बुधवार के दिन हरे रंग के वस्त्र धारण करें।
ध्यान रखें, बुध का कुंभ राशि में मार्गी होने की ये केवल सामान्य भविष्यवाणियां हैं। अधिक व्यक्तिगत और विशेष उपायों के लिए, टैरो सोनिया से संपर्क करें, केवल एस्ट्रोयोगी पर।